सीवान, 24 मई । जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे चार अपराधियों को पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, एक मैगजीन तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तारी बसंतपुर थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई एवं एसटीएफ की संयुक्त छापेमारी में हुई।
बताया गया कि 23 मई की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बसंतपुर थाना क्षेत्र के सुर्यपूरा कन्टा स्थित गौरीशंकर ठाकूर के आम बगीचे में चार-पांच अपराधी हथियार के साथ जमा होकर ट्रक अथवा चारपहिया वाहन लूटने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस, जिला आसूचना इकाई एवं एसटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। घेराबंदी के दौरान चार अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गए अपराधियों में बसंतपुर थाना क्षेत्र के हरायपुर निवासी राजदेव महतो, गोपालगंज जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित रमपूरवा निवासी मैनुद्दीन मियां उर्फ गुड्डु एवं समसुद्दीन अंसारी उर्फ बल्लू तथा पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र स्थित भितहा बगही निवासी रंजीत नट शामिल हैं।
पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से एक पिस्टल, एक मैगजीन तथा पांच जिंदा कारतूस बरामद किया। पूछताछ में सभी ने वाहन लूट की योजना बनाने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राजदेव महतो का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध बसंतपुर थाना में पूर्व से जालसाजी, अपहरण, हत्या एवं साजिश से जुड़े मामले दर्ज हैं।
इस संबंध में बसंतपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4), 310(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम में बसंतपुर थानाध्यक्ष राजू कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक उपेंद्र कुमार सिंह, थाना के अन्य पुलिसकर्मी, जिला आसूचना इकाई एवं एसटीएफ की टीम शामिल रही।