खूंटी, 21 मई । पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 35 वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने की।
इस अवसर पर सांसद कालीचरण मुंड और जिला प्रभारी चैतू उरांव विशेष रूप से उपस्थित थे। मौके पर सभी कांग्रेसजनों और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के स्वप्नदृष्टा थे। सूचना प्रौद्योगिकी, पंचायती राज को सशक्त करने और युवाओं को 18 वर्ष में मताधिकार दिलाने जैसे उनके निर्णयों ने देश की दिशा बदली। उनके आदर्श हमें जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं।
वहीं सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को 21 वीं सदी में ले जाने की मजबूत नींव रखी। दूरसंचार क्रांति और कंप्यूटर युग की शुरुआत उनकी दूरदर्शिता का परिणाम है। देश की एकता-अखंडता के लिए दिया गया उनका बलिदान अविस्मरणीय है। जिला प्रभारी चैतू उरांव ने कहा कि राजीव गांधी के बताए सद्भावना, भाईचारा और विकास के मार्ग पर चलकर ही हम मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।
श्रद्धांजलि सभा के बाद जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा, सांसद कालीचरण मुंडा और जिला प्रभारी चैतू उरांव के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण कियाा। बाद में जिला अध्यक्ष की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने रक्तदान भी किया।
मौके पर प्रदेश सचिव रामकृष्ण चौधरी, नईमुद्दीन खान, देवजीत देवधरिया, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलसन तोपनो, जिला प्रवक्ता रविकांत मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष गुलाम गौश, गोपाल भगत, एलेकसियूस परधिया, जुनैद अहमद, पौल भेंगरा, शशिकांत होरो, सोहेल अंसारी, जेम्स तोपनो, पीटर मुंडू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे ।