बूंदी, 19 मई । कांग्रेस विधायक अशोक चांदना के खिलाफ हिंडौली थाना में मामला दर्ज किया गया है। यह केस हिंडौली नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) जितेंद्र कुमार मीणा की शिकायत पर दर्ज हुआ है। विधायक पर फोन पर धमकाने और सरकारी कार्य में दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं।
हिंडौली सीओ अजित मेघवंशी ने बताया कि ईओ जितेंद्र कुमार मीणा ने सोमवार शाम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार 13 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:35 बजे विधायक अशोक चांदना के पीए रामधन के मोबाइल नंबर से लगातार कॉल आए। कॉल रिसीव नहीं करने पर मैसेज भेजकर विधायक से बात करने को कहा गया।
ईओ के अनुसार जब उन्होंने फोन रिसीव किया तो विधायक अशोक चांदना ने कथित तौर पर कहा कि सुनो, मेरे कार्यकर्ता का अब एक भी पत्थर गिरा तो आपकी जड़ें खोद दूंगा। यह याद रखना, आप तड़पोगे और आप इसके पैर पकड़ोगे, तब माफ करूंगा।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब ईओ ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और शिकायत की जांच का हवाला दिया, तब विधायक ने कथित तौर पर कहा कि जो मेरे कांग्रेस कार्यकर्ता को परेशान करेगा, उसको दौड़ा-दौड़ा कर मारूंगा और उसकी जड़ें खोद दूंगा। यह पूरा विवाद ओमप्रकाश सुवालका द्वारा खसरा नंबर 6326/2867 पर बने पट्टों और अतिक्रमण की जांच से जुड़ा हुआ है।
ईओ ने शिकायत में कहा कि ओमप्रकाश सुवालका पहले भी कार्यालय में आकर धमकी दे चुका है। हालांकि घटना 13 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है, लेकिन 16 मई को इसका वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई।
पुलिस के अनुसार मामले में एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच अब क्राइम ब्रांच जयपुर को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।