महंगाई और ईंधन संकट पर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, नगर निकाय चुनाव में जीत का भी दावा

Share

शिमला, 19 मई । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने बढ़ती महंगाई, एलपीजी और तेल की किल्लत को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश में आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि केंद्र सरकार केवल “ज्ञान बांटने” में लगी हुई है।

विनय कुमार ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि तेल की कीमतों में वृद्धि के कारण दैनिक उपयोग की वस्तुओं, खाद्यान्न, दूध और ब्रेड जैसी जरूरी चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। वहीं एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी से लोगों को खाना बनाने के लिए ईंधन की चिंता सताने लगी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार आम जनता की समस्याओं के प्रति आंखें मूंदे बैठी है। बढ़ती बेरोजगारी से युवा वर्ग परेशान है, लेकिन सरकार इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की ढुलमुल विदेश नीति के कारण देश के सामने ईंधन संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को तेल और एलपीजी की खपत कम करने की सलाह देने वाले प्रधानमंत्री खुद विदेश दौरों पर हैं।

उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरती कीमत और देश की अर्थव्यवस्था की स्थिति चिंता का विषय बन चुकी है। कांग्रेस ने मांग की कि केंद्र सरकार तेल उत्पादक देशों से बातचीत कर अमेरिका के दबाव से मुक्त होकर देश में तेल आपूर्ति सुनिश्चित करे, ताकि महंगाई पर नियंत्रण पाया जा सके।

इस दौरान विनय कुमार ने प्रदेश भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेता झूठ बोलकर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस की भारी जीत ने साबित कर दिया है कि जनता कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 47 नगर निकायों में से 32 शहरी निकायों में पूर्ण बहुमत हासिल किया है और कई निर्दलीय उम्मीदवार भी कांग्रेस को समर्थन देने के लिए तैयार हैं। विनय कुमार ने दावा किया कि नगर निकाय चुनाव पूरी तरह संपन्न होने के बाद कांग्रेस की संख्या और बढ़ेगी।