नई दिल्ली, 19 मई । उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर इलाके में दहशत फैलाने वाले ‘मोहित उर्फ बाबा गैंग’ का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित चल रहे गैंग सरगना समेत चार आरोपितों और एक नाबालिग को पकड़ा है। उनके कब्जे से दो अत्याधुनिक अवैध पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित गैंगवार और हत्या की वारदात को टाल दिया गया।
उत्तर पश्चिमी जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने मंगलवार को बताया कि जहांगीरपुरी निवासी शोएब ने शिकायत दी थी कि उसके भाई जुनैद कुरैशी की हत्या के पुराने विवाद को लेकर मोहित उर्फ बाबा उसे लगातार इंस्टाग्राम कॉल के जरिए धमकी दे रहा था। आरोप है कि आरोपित ने सोशल मीडिया पर अपने साथियों के साथ फायरिंग करते हुए वीडियो भी अपलोड किया था। इतना ही नहीं, 11 मई को दो युवक पिस्टल लेकर शिकायतकर्ता के घर के बाहर पहुंचे और फायरिंग की कोशिश की।
मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने जांच शुरू की। पुलिस लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हथियारबाजी वाले वीडियो और गैंग की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपित शकूरपुर इलाके में आने वाला है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर मोहित उर्फ बाबा को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक अवैध पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपने साथियों राधे और शांतनु उर्फ चिका के नाम बताए। बाद में पुलिस ने दोनों को भी दबोच लिया और एक किशोर को पकड़ा। राधे की निशानदेही पर दूसरी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो डालकर इलाके में अपना दबदबा बनाना चाहते थे। गैंग के सरगना मोहित उर्फ बाबा के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं।