नूंह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गो तस्कर दबोचा,एंबुलेंस में कर रहे थे तस्करी

Share

नूंह, 19 मई । नूंह जिले में मंगलवार अल सुबह पुलिस और गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक तस्कर को काबू कर लिया जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। जानकारी के अनुसार अपराध जांच शाखा नूंह के प्रभारी उप-निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम को गो-तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने नूंह-उटावड़ रोड पर गांव जयसिंहपुर के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। आरोपी राजस्थान नंबर की एंबुलेंस का इस्तेमाल कर गोवंश की तस्करी कर रहे थे।

पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया। घायल आरोपी की पहचान हमास खान निवासी उटावड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, तीन खाली खोल और दस जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा चार गोवंश और एक ईको कार भी बरामद की गई है। फरार दो आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

मामले में नूंह सदर थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में गो-तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया।