गुरदासपुर में ग्रेनेड फेंकने के मामले में तीन गिरफ्तार, एक और ग्रेनेड बरामद

Share

चंडीगढ़, 17 मई । गुरदासपुर पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुरदासपुर में एक दुकान के पास ग्रेनेड फेंकने के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक और हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार काे बताया कि जालंधर के गणेश नगर, रामा मंडी निवासी अमरजीत सिंह उर्फ बिल्ला, अमृतसर के गांव बोपाराय निवासी सतनाम सिंह और अमृतसर के तारापुर निवासी करणजीत सिंह उर्फ करण को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल को गुरदासपुर के गीता भवन रोड पर स्थित एक दुकान के पास एक निष्क्रिय हैंड ग्रेनेड मिला था। बम स्क्वॉयड ने ग्रेनेड को निष्क्रिय कर दिया था, जिसके पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया था। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि जांच के दौरान अमरजीत सिंह उर्फ बिल्ला के घर से एक और हैंड ग्रेनेड भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच से यह सामने आया है कि आरोपित एक विदेशी हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहे थे और उन्हें उसी हैंडलर के माध्यम से दो हैंड ग्रेनेड प्राप्त हुए थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गुरदासपुर आदित्य ने बताया कि घटना के तुरंत बाद विभिन्न पुलिस टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई थी।उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज, खुफिया जानकारी और तकनीकी विश्लेषण की मदद से यह पता चला कि पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों ने अशोका चिप्स के पास ग्रेनेड फेंका था। इसके आधार पर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी ने बताया कि इस मामले में विदेशी हैंडलरों और स्थानीय सहायता नेटवर्क की भूमिका सहित पूरे मॉड्यूल के आगे-पीछे के संबंधों की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगियां होने की संभावना है।