जयपुर, 16 मई । राजस्थान में शुक्रवार को भीषण गर्मी और हीटवेव से लोगों को आंशिक राहत मिली। प्रदेश के बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर समेत अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई। राजधानी जयपुर सहित कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जिससे लोगों को राहत महसूस हुई। हालांकि धूप और उमस का असर कई क्षेत्रों में बना रहा।
मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के छह जिलों में आंधी और हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 18 मई से पश्चिमी राजस्थान में गर्मी दोबारा तेज होने और कई जिलों में सीवियर हीटवेव चलने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम अधिकांशतः साफ रहा, लेकिन तापमान में गिरावट देखी गई। फलोदी राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रहा। चित्तौड़गढ़ में 44.2 डिग्री, टोंक के वनस्थली में 43.6 डिग्री और अलवर में 43 डिग्री तापमान मापा गया।
जयपुर में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से कम रहा। शहर में दोपहर के समय हल्की धूप और शाम को हवा चलने से मौसम कुछ नरम हुआ। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी जयपुर में हल्के बादल और आंधी की संभावना है। अजमेर में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन की तुलना में दो डिग्री कम था। हालांकि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिनभर गर्मी बनी रही। जोधपुर में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि सीकर में तापमान गिरकर 39 डिग्री पर पहुंच गया, जिससे लोगों को राहत मिली।
उदयपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में 1.1 डिग्री कम रहा। वहीं कोटा में तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा और गर्म हवाओं का असर बना रहा। इस बीच जयपुर के शिवदासपुरा क्षेत्र में 14 मई को आए तेज अंधड़ के दौरान एक गृह प्रवेश समारोह में टेंट गिरने से घायल हुई 55 वर्षीय महिला मुन्नी देवी की शुक्रवार को मौत हो गई। हादसे में कुल छह लोग घायल हुए थे।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले सप्ताह से गर्मी दोबारा प्रचंड रूप ले सकती है।
पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में तापमान में पुनः वृद्धि होने की संभावना है। मई के अंत तक तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, लेकिन हीटवेव का असर फिर गंभीर हो सकता है।
राज्यभर में फिलहाल लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी के और तीखे तेवर देखने को मिल सकते हैं।