चम्पावत में विधिक जागरूकता अभियान, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को किया जागरूक

Share

चंपावत, 15 मई । अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत कांडा-सिमल्टा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीण परिवारों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव भवदीप रावते ने की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर, जरूरतमंद, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और न्याय से वंचित लोग किस प्रकार नि:शुल्क विधिक सहायता और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि परिवार और समाज को मजबूत बनाने के लिए लोगों का अपने अधिकारों और कानून की जानकारी से जागरूक होना बेहद जरूरी है। जागरूक नागरिक ही सामाजिक और कानूनी व्यवस्था को मजबूत बना सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान पैरालीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) राजेंद्र जोशी, गोपाल चंद्र पांडे और सुनीता जोशी ने भी ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों, महिला अधिकारों और सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी अपनी समस्याएं और सवाल रखे, जिनका मौके पर समाधान किया गया।