भोपाल, 15 मई । मध्य प्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में भोपाल में आज से भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 हॉकी सीरीज का आगाज होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता आगामी एशिया कप की तैयारियों के दृष्टिगत बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्राप्त होगा। तीन दिन पहले ही दोनों देशों की टीमें भोपाल पहुंच चुकी हैं।
यह अंतरराष्ट्रीय हॉकी शृंखला 20 मई तक भोपाल के उधव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल सेंटर में खेली जाएगी। इस शृंखला में भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई अंडर-18 पुरुष एवं महिला टीमें आमने-सामने होंगी। इसमें पुरुष वर्ग के मुकाबले 15 मई, 17 मई, 18 मई एवं 20 मई को खेले जाएंगे। वहीं महिला वर्ग के मैच भी इन्हीं तिथियों में आयोजित होंगे। सभी मुकाबले उधव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल सेंटर में ही होंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय शृंखला में मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी भोपाल के कुल 10 खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन हुआ है। पुरुष टीम में आयुष रजक, अंश बहुत्रा, करण गौतम, अवि माणिकपुरी, सिद्धार्थ बेन और गाज़ी खान शामिल हैं। वहीं महिला टीम में स्नेहा दावड़े, महक परिहार, नम्मी गीताश्री और नौशीन नाज भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। घरेलू मैदान पर खेलने को लेकर खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
खेल मंत्री सारंग ने दी शुभकामनाएं
मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सभी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह शृंखला प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा ऐसे आयोजन युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगे।
मई अंत में जापान में होगा अंडर-18 एशिया कप
अंडर-18 एशिया कप 2026 इस महीने के अंत में जापान के काकामिगाहारा में आयोजित किया जाएगा। हॉकी इंडिया और अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के कैलेंडर के अनुसार, इस टूर्नामेंट में एशिया की शीर्ष जूनियर टीमें हिस्सा लेंगी और यह युवा खिलाड़ियों के लिए सीनियर स्तर तक पहुंचने का अहम प्लेटफॉर्म माना जाता है।