कैथल में बाढ़ से निपटने की तैयारी पर 14 को होगी मॉक ड्रिल

Share

कैथल, 12 मई । मानसून से पहले संभावित बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने के लिए कैथल प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में 14 मई को जिले में दो स्थानों पर बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा के समय विभिन्न विभागों के बीच तालमेल, संसाधनों की उपलब्धता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखना है।

डीसी अपराजिता ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल को गंभीरता से लिया जाए और सभी विभाग इसमें सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने आमजन से अपील की कि यह केवल एक अभ्यास है, इसलिए किसी प्रकार की घबराहट न करें।

मॉक ड्रिल सुबह नाै बजे शुरू होगी और इसके लिए कमेटी चौक स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र को इंसिडेंट साइट बनाया गया है। इन दोनों स्थानों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। एडीसी डॉ. सुशील कुमार को मॉक ड्रिल का ओवरऑल इंचार्ज बनाया गया है।

जिला स्तर पर समन्वय के लिए लघु सचिवालय के वीसी रूम में अस्थायी जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां से डीसी सहित वरिष्ठ अधिकारी पूरे अभ्यास की निगरानी करेंगे। मॉक ड्रिल के दौरान प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर भी स्थापित किए जाएंगे और आपदा मित्र, रेडक्रॉस, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, नेहरू युवा केंद्र तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। डीसी ने सभी विभागों को अपने संसाधनों की सूची अपडेट करने और ‘इंडिया डिजास्टर रिसोर्स नेटवर्क’ पोर्टल पर जानकारी अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास से मानसून पूर्व तैयारियों को मजबूत करने में मदद मिलती है और आपदा के समय बेहतर समन्वय सुनिश्चित होता है।