वर्तमान सरकार पेपर लीक का रिकॉर्ड बना रही है : अखिलेश यादव

Share

प्रयागराज, 12 मई । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार काे नीट यूजी परीक्षा निरस्त हाेने पर भाजपा पर जमकर प्रहार किया। उन्हाेंने पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार पेपर लीक का रिकॉर्ड बना रही है और युवाओं व बेरोजगारों की उम्मीदों पर पानी फेर रही है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रयागराज पहुंच कर पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी के आवास पर उनके पति स्वर्गीय पी.सी. जोशी के निधन पर शोक व्यक्त किया और परिजनों को सांत्वना दी। इसके बाद वह पूर्व एमएलसी बासुदेव यादव के आवास पहुंचे और उनकी पुत्री व पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता निधि यादव सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री की अपील से जुड़े सवाल पर कहा कि “देश के लिए संकट सिर्फ भाजपा है। प्रधानमंत्री चाहे जितनी अपील कर लें, जो लोकसभा चुनाव में हारे हैं, वे आगे भी हारेंगे।” उन्होंने पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री के पीए की हत्या के मामले में भाजपा से जुड़े लोगों का नाम आने का उल्लेख करते हुए कहा कि “सबसे घटिया काम भाजपा से जुड़े लोग कर सकते हैं।”

नीट पेपर लीक प्रकरण पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं और सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। मंत्रिमंडल विस्तार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि “स्टूल वालों को गद्दी तो दे देते, कोई अच्छा विभाग मिल जाता।” आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के सवाल पर सपा प्रमुख ने कहा कि पीडीए अपने आप में बड़ा गठबंधन है और जो भी पीडीए समर्थक होगा, वह साथ आएगा। इस दौरान महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, पूर्व एमएलसी बासुदेव यादव, निधि यादव, विधायक हाकिम लाल बिंद, आर.के. वर्मा, संदीप पटेल, गीता शास्त्री, अनिल यादव, अमरनाथ मौर्य सहित बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे पूर्व सपा प्रमुख के प्रयागराज आगमन पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने बेली क्षेत्र निवासी सपा कार्यकर्ता उबैद उल्ला के आवास पर भी पहुंचकर मुलाकात की।