देवरिया, 11 मई । देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।
एसओ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान बिंदू गौड़ (23) पत्नी स्वर्गीय नंजय उर्फ अजीत गौड़ निवासी सकतुआ बुजुर्ग, थाना तरकुलवा के रूप में हुई है। बिंदू की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। सोमवार को वह घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे की कुंडी से लटकी मिली। काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर बिंदू फंदे से लटकी मिली, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ भूपेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के भाई विवेक गौड़ पुत्र स्वर्गीय लल्तू गौड़ निवासी धीतौनी, थाना बघौचघाट ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही बिंदू को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतका अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गई है। बड़ी बेटी परी की उम्र करीब साढ़े पांच वर्ष जबकि बेटा आदित्य डेढ़ वर्ष का बताया जा रहा है। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।