रूपनगर में युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने ऑनलाइन कबूला जुर्म

Share

रूपनगर जिले के नूरपुर बेदी इलाके में रविवार रात पुरानी रंजिश में हत्या करने का मामला सामने आया है। गांव शाहपुर बेला निवासी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, हरमोल सिंह हाल ही में एक हत्या मामले में करीब चार साल जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आया था। गांव के ही रहने वाले हरजोत सिंह सिद्धू ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी हरजोत सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर हत्या की जिम्मेदारी ली। वीडियो में उसने दावा किया कि हरमोल सिंह ने करीब चार साल पहले उसके भाई की हत्या की थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि जमानत पर आने के बाद हरमोल उसे और उसके परिवार को लगातार धमका रहा था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

आरोपी ने अपने बयान में कहा कि इस हत्या के लिए कोई और जिम्मेदार नहीं है और उसने यह काम अकेले किया है।

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी आनंदपुर साहिब जसंदीप सिंह मान ने बताया कि हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।