नोएडा, 11 मई । घर के मुख्य दरवाजे पर लगा लोहे का गेट किसी बच्चे के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसा ही एक मामला नोएडा के थाना फेस- दो क्षेत्र के गेझा गांव में हुआ। गेट के एक पल्ले पर चढ़कर खेल रहे बच्चे के साथ गेट जमीन पर गिर गया। उसके नीचे वह करीब 40 सेकेंड दबा रहा। परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे निकालकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर उसकी मौत हो गई। हादसे का कारण गेट पुराना व उसका कब्जा गला होना बताया जा रहा है। घटना की वीडियो भी सामने आई है।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गौतम ने आज सुबह को बताया कि गेझा गांव में मनीष परिवार संग रहते हैं। वह एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। उनका पांच वर्षीय बेटा नवदीप शनिवार को अपने घर के मुख्य द्वार पर लगे लोहे के गेट पर चढ़कर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक गेट टूटकर उसके ऊपर गिर गया। भारी गेट के नीचे दबने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।
बच्चे की चीख़-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गेट के नीचे दबे बच्चे को बाहर निकाला। परिजन उसको कार से अस्पताल ले कर गए। जहां पर चिकित्सकों ने उपचार के दौरान बच्चे को मृत घोषित कर दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि गेट काफी पुराना है और उसका कब्जा गलने से कमजोर हो गया था। बच्चे के खेलने के दौरान हादसा हुआ। इस घटना की वीडियो आज सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। लोग सोशल मीडिया पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं।