चंडीगढ़, 10 मई । रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बठिंडा और पूरे मालवा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बठिंडा रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए 102 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि बठिंडा रेलवे स्टेशन मालवा क्षेत्र में व्यापार, कृषि, रक्षा गतिविधियों और यात्री आवागमन का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। स्टेशन के आधुनिकीकरण से न केवल बठिंडा, बल्कि पूरे मालवा क्षेत्र के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत रेलवे स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की जाएंगी। स्टेशन के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा और इसे विश्वस्तरीय स्वरूप दिया जाएगा, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके।
केंद्रीय मंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को दिया। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के रेलवे स्टेशनों का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिससे परिवहन क्षेत्र में बड़े बदलाव आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भारतीय रेलवे को आधुनिक और यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और यह परियोजना मालवा क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगी।