धर्मशाला और बीड़ के दो कुख्यात नशा तस्कर भेजे जेल

Share

धर्मशाला, 10 मई । जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में धर्मशाला व बीड़ क्षेत्र के एक-एक कुख्यात नशा तस्कर के विरुद्ध स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम (पीआईटी एनडीपीएस एक्ट), 1988 के अंतर्गत निवारक हिरासत की कार्रवाई अमल में लाई गई है।

पहले मामले में आरोपी अनिकेत पुत्र हरबंस लाल, निवासी गांव व डाकघर सराह तहसील धर्मशाला जिला कांगड़ा के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से संबंधित तीन मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामला पुलिस थाना शाहपुर व दो मामले पुलिस थाना धर्मशाला में दर्ज हैं। इन मामलों में आरोपी के कब्जे से चिट्टा/हैरोईन जैसे नशीले पदार्थ की बरामदगी हुई थी। बार-बार गिरफ्तारी एवं जमानत पर रिहा होने के बावजूद आरोपी द्वारा अवैध तस्करी की गतिविधियां जारी रखी जा रही थीं।

वहीं दूसरे मामले में आरोपी सुनील कुमार उर्फ सोनू पुत्र जय राम निवासी गांव कोटली डाकघर गुनेहड़ तहसील बैजनाथ जिला कांगड़ा के विरुद्ध मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से संबंधित दो मामले पंजीकृत हैं। जो पुलिस थाना बैजनाथ में दर्ज हैं। इन मामलों में आरोपी के कब्जे से भी चिट्टा/हैरोईन जैसे नशीले पदार्थ की बरामदगी हुई थी। बार-बार गिरफ्तारी एवं जमानत के बावजूद आरोपी द्वारा नशा तस्करी की गतिविधियां जारी रखी जा रही थीं।

एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस एवं खुफिया एजेंसियों की रिपोर्टों से यह स्पष्ट हुआ कि दोनों आरोपी क्षेत्र में नशीले पदार्थों की आपूर्ति एवं वितरण में सक्रिय रूप से संलिप्त थे, जिससे विशेषकर युवाओं के स्वास्थ्य एवं समाज की शांति व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। इसी के चलते पुलिस द्वारा बीते 6 अप्रैल 2026 को दोनों आरोपियों के विरुद्ध निवारक हिरासत के प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों के माध्यम से सक्षम प्राधिकारी को प्रेषित किए गए। उपरोक्त तथ्यों के आधार पर सक्षम प्राधिकारी द्वारा अधिनियम की धारा 3(1) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए दोनों आरोपियों को तीन-तीन माह की अवधि के लिए जिला कारागार कांगड़ा (धर्मशाला) में निरुद्ध किए जाने के आदेश पारित किए गए।

उक्त आदेशों की अनुपालना करते हुए आज रविवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला कारागार धर्मशाला में निवारक हिरासत हेतु भेज दिया गया है।

अब तक जिला कांगड़ा पुलिस ने 15 कुख्यात तस्करों को भेजा जेल

उल्लेखनीय है कि जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा अब तक कुल 15 कुख्यात नशा तस्करों के विरुद्ध पीआईटी एनडीपीएस एक्ट 1988 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उन्हें निवारक हिरासत हेतु जिला कारागार कांगड़ा (धर्मशाला) भेजा जा चुका है। यह कार्रवाई नशा तस्करी के विरुद्ध जिला पुलिस की सख्त एवं प्रतिबद्ध कार्यशैली को दर्शाती है।