हिमाचल में “होमगार्ड भर्ती” की फ़र्ज़ी पोस्टें वायरल, विभाग ने युवाओं को किया आगाह

Share

शिमला, 08 मई । हिमाचल प्रदेश में इन दिनों सोशल मीडिया पर होमगार्ड भर्ती को लेकर तेजी से पोस्ट और संदेश वायरल हो रहे हैं। कहीं भर्ती शुरू होने का दावा किया जा रहा है तो कहीं युवाओं को जल्द आवेदन करने के लिए कहा जा रहा है। इन वायरल संदेशों के बीच अब हिमाचल प्रदेश होम गार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग को सामने आकर सफाई देनी पड़ी है।

हिमाचल प्रदेश होम गार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही कई जानकारियां भ्रामक और गैर-आधिकारिक हैं। विभाग ने युवाओं को आगाह करते हुए कहा है कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी साझा करने के लिए किसी भी व्यक्ति, एजेंसी, सोशल मीडिया पेज या अनधिकृत प्लेटफॉर्म को अनुमति नहीं दी गई है।

विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी सार्वजनिक सूचना में कहा गया है कि कुछ लोग सोशल मीडिया के जरिए भर्ती से जुड़े संदेश और दावे फैला रहे हैं, जिससे उम्मीदवारों के बीच भ्रम की स्थिति बन रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि होमगार्ड भर्ती से जुड़ी असली और अधिकृत जानकारी केवल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट, पंजीकृत ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर के माध्यम से ही दी जाएगी।

विभाग ने युवाओं से कहा है कि वे किसी भी वायरल पोस्ट, विज्ञापन या सोशल मीडिया संदेश पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें। अधिकारियों का कहना है कि कई बार ऐसे फर्जी संदेश लोगों को गुमराह करने के साथ-साथ धोखाधड़ी का कारण भी बन सकते हैं।

होमगार्ड मुख्यालय शिमला ने यह भी स्पष्ट किया है कि अनधिकृत स्रोतों से फैलने वाली किसी भी गलत जानकारी के लिए विभाग जिम्मेदार नहीं होगा। विभाग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे भर्ती से जुड़ी हर जानकारी के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें और समय-समय पर विभाग की वेबसाइट चेक करते रहें।