पश्चिमी सिंहभूम, 08 मई । जिले में नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को दवा निरीक्षक सोनी बारा ने चाईबासा शहर के सदर बाजार स्थित सूर्या मेडिकल स्टोर और अग्रवाल मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान मेडिकल दुकानों में दवाओं की खरीद-बिक्री से जुड़े अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर और दवाओं के रखरखाव की व्यवस्था की गहन जांच की गई।
साथ ही यह भी देखा गया कि दुकानदार औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम के नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं। निरीक्षण में दोनों दुकानों की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
दवा निरीक्षक ने विशेष रूप से कोडीन युक्त सिरप की उपलब्धता की जांच की, लेकिन किसी भी दुकान में इस तरह की दवा नहीं मिली।
अधिकारियों ने मेडिकल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी दवा की बिक्री केवल चिकित्सक के वैध प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर ही की जाए।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल दुकानदारों को यह भी कहा गया कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों या बार-बार अनियमित तरीके से दवा खरीदने का प्रयास करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों या नजदीकी थाने को दें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थ के रूप में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए आगे भी जिलेभर में नियमित जांच अभियान चलाया जाता रहेगा।