खूंटी, 07 मई । जरियागढ़ थाना क्षेत्र के लिमड़ा गांव में बुधवार रात हुए सड़क हादसे में युवक सुंदरू कच्छप (18) की मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सुंदरू बुधवार को बाइक से गोविंदपुर रेलवे स्टेशन घूमने गया था। लौटने के दौरान रात करीब साढ़े सात बजे लिमड़ा गांव के समीप विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से सुंदरू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद जरियागढ़ पुलिस ने स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्रा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि सुंदरू के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां और दो भाई हैं। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार सदमे में डूब गया है।
गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल खूंटी में कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं दुर्घटना में शामिल बोलेरो वाहन को जब्त कर जरियागढ़ थाना लाया गया है।