प्रयागराज, 07 मई । नगर निगम प्रयागराज में जनगणना 2027 को लेकर गुरुवार को हुई विशेष बैठक में महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि किसी भी कीमत पर कोई घर न छूटने पाए। घर-घर जाकर डिजिटल सर्वे किया जाय। इसके साथ पार्षदों से इस कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
बैठक में स्व-जनगणना (डिजिटल जनगणना) अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों, जेई और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार ने की।
बैठक में निर्देश दिए गए कि प्रयागराज के सभी जोनों में घर-घर जाकर परिवार के सदस्यों की संख्या, घर में उपयोग होने वाले संसाधनों और अन्य आवश्यक जानकारियों का सर्वे किया जाए। इसमें घर के लैंडमार्क, किचन, वाहन और शौचालय संबंधी जानकारी को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
अपर नगर आयुक्त ने कहा कि जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत 7 मई से 21 मई 2026 तक मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा, जबकि 22 मई से 20 जून तक विस्तृत सर्वे की प्रक्रिया चलेगी। उन्होंने पार्षदों से भी अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों में जनगणना अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि यह स्व-जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिससे विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
बैठक में महापौर गणेश केसरवानी की ओर से भी अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया गया।
इस दौरान पार्षद शिव सेवक सिंह, राजू शुक्ला, भोला तिवारी, किरण जायसवाल, सोनिका अग्रवाल, अमित सिंह, पंकज जायसवाल, बब्बन सिंह, अरुण कुमार, आनंद घिल्डियाल, नीरज कुमार गुप्ता, सरफराज अहमद, गुलाब सिंह, शिवकुमार, नीरज टंडन, ज्ञानेंद्र मिश्रा, नेम कुमार यादव, दुर्गेश नंदिनी, कुसुम लता, अब्दुल समद, रमीज हसन, कृष्णा पाठक, स्वारिका भारद्वाज, अखिलेश कुमार सिंह और रामचंद्र हेला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।