खूंटी, 05 मई । जरियागढ़ थाना सभा कक्ष में मंगलवार को अंचल अधिकारी (सीओ) अन्वेषा ओना और थाना प्रभारी बिरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में क्षेत्र के सभी चौकीदारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चौकीदारों को उनकी जिम्मेदारियों और कार्यशैली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अंचल अधिकारी अन्वेषा ओना ने निर्देश दिया कि सभी चौकीदार गांव-गांव में नियमित भ्रमण करें और क्षेत्र की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अफवाह की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि चौकीदार प्रशासन और आम जनता के बीच सबसे मजबूत कड़ी हैं, इसलिए उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने चिंता जताई कि इन दिनों ग्राम प्रधान को लेकर विभिन्न प्रकार की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं। साथ ही कई गांवों में जमीन-जायदाद से जुड़े विवादों को लेकर बैठकें कर माहौल बिगाड़ने और दंगा भड़काने की कोशिश की जा रही है। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अंचल अधिकारी ने चौकीदारों को विशेष रूप से सोशल मीडिया और गांवों में फैल रही अफवाहों पर नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जमीन विवाद, आपसी रंजिश या सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली हर सूचना को गंभीरता से लेते हुए समय पर थाना और अंचल कार्यालय को सूचित करें। लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में यह भी कहा गया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि चौकीदार सतर्क रहेंगे, तो असामाजिक तत्व अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पाएंगे।
इस अवसर पर शंकर दयाल मेहता, चौकीदार केश्वर सिंह, सावित्री एक्का, मनोहर आईन्द, विजय कंडुलना, संदीप होरो, गणेश मुण्डा, महेश मुण्डा, गन्दुरा प्रधान, बुधु उरांव, रामधन प्रधान, गणेश कुजूर, अजय उरांव सहित अन्य चौकीदार उपस्थित थे।