खूंटी, 02 मई । कर्रा प्रखंड के ऐतिहासिक तिलमी मंडा का समापन शनिवार को झूलन कार्यक्रम के साथ श्रद्धा और उत्साह के बीच सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित संजय गोस्वामी ने मंदिर परिसर के शुद्धिकरण से की। इस दौरान 51 भगतियों ने नौ दिनों तक निर्जला उपवास रखकर भगवान भोलेनाथ की आराधना की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
शुक्रवार रात धुआं-सुआ और फुलकुदी कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने दहकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर अपनी आस्था का परिचय दिया। शनिवार को झूलन के दौरान श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए गए, जिन्हें पाने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखा गया। महिलाओं ने आंचल फैलाकर और पुरुषों ने छाता खोलकर फूल ग्रहण किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा खूंटी जिला अध्यक्ष आनंद कुमार और जिला महामंत्री निखिल कंडुलना ने दीप प्रज्ज्वलित कर आर्केस्ट्रा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मंडा पूजा हमारी आस्था, परंपरा और संस्कृति का प्रतीक है।
आर्केस्ट्रा में स्थानीय कलाकारों ने भक्ति और लोकगीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मेले में भी लोगों ने जमकर खरीदारी की। कार्यक्रम की सफलता में आयोजन समिति और ग्रामीणों की अहम भूमिका रही।