धमतरी, 26 अप्रैल । समर्थन मूल्य पर चना खरीद में गड़बड़ी रूकने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले दिनों प्रत्येक कट्टा में 400 ग्राम अधिक चना तौलने की गड़बड़ी निरीक्षण में सामने आया। धमतरी विधायक ने गड़बड़ी पकड़कर कार्रवाई के निर्देश दिए। अब उसी खरीदी केंद्र में किसानों के चना खरीदने के लिए सैंपल पास करने चना खरीद करने पहुंचे एक निजी कंपनी के कर्मचारियों द्वारा किसानों से रुपये की मांग करने का आरोप सामने आया है। अब यह भी जांच का विषय बन गया है। चना खरीदी के नाम पर रुपये मांगने से किसानों में आक्रोश है।
एक मार्च से जिले के 11 से अधिक केंद्रों में किसानों के खेतों में तैयार रबी सीजन के उत्पादित चना की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जा रही है। चना खरीदने की जिम्मेदारी मध्यप्रदेश के एक निजी कंपनी को दिया गया है। कंपनी के कर्मचारी पिछले दो माह से जिले के चिन्हांकित खरीदी केन्द्रों में चना की खरीदी समर्थन मूल्य पर कर रहा है। पिछले दिनों धमतरी विधायक ओंकार साहू खरीदी केन्द्र संबलपुर पहुंचे। यहां निरीक्षण किया तो समर्थन मूलय पर चना बेच रहे प्रत्येक किसानों के बोरियों में 400-400 ग्राम अधिक चना की तौलाई किया जा रहा था, इस पर विधायक ओंकार साहू ने खरीदी केन्द्र के जवाबदार अधिकारी को फटकार लगाकर इस मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए है। अब खरीदी केन्द्र संबलपुर में ही 25 अपै्रल को दूसरी आरोप व शिकायत मिली है मध्यप्रदेश के एक कंपनी के कर्मचारियों द्वारा चना खरीदी के नाम पर मनमर्जी व तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है। किसानों द्वारा लाए चना का सैंपल पास करने वाले उनके अधिकारी मनमर्जी से दोपहर डेढ़ बजे पहुंचते हैं, इससे किसान परेशान है। जबकि किसान सुबह से ही पहुंच जाते हैं।
संबलपुर खरीदी केन्द्र में 41 डिग्री तापमान के बीच चिलचिलाती धूप व उमस के बीच सैंपल व क्वालिटी पास करने वाले कंपनी के अधिकारी पहुंचे। किसानों के चना में कई खामियां निकालकर रिजेक्ट कर दिया। थोड़ी देर बाद किसानों ने उनसे मिलकर चना खरीदने आग्रह किया। जांच अधिकारी ने किसानों से एक हजार से दो हजार रुपये लेकर चना की क्वालिटी को पास कर दिया। जब जाकर चना की खरीदी हुई। यही स्थिति कई सोसायटियों में भी देखी गई है। जिला मुख्यालय से लगे लोहरसी खरीदी केन्द्र में भी इस तरह की शिकायतें कुछ किसानों से मिली है। इस संबंध में सहकारिता अधिकारी प्रदीप ठाकुर ने कहा कि चना खरीदी के लिए किसानों से रुपये लेने संबंधी किसी तरह की शिकायतें नहीं मिली है। लिखित शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी।