भोपाल, 21 अप्रैल । मध्य प्रदेश के राजधानी भोपाल में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने मंगलवार को भोपाल मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए भूमि अधिग्रहण से जुड़े प्रकरणों को त्वरित गति से निराकृत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर भूमि संबंधी कोई विवाद नहीं है, वहाँ मेट्रो कंपनी निर्माण कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाए, ताकि परियोजना का कार्य समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सके। कलेक्टर मिश्रा ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे मिशन मोड में कार्य करते हुए मेट्रो परियोजना से संबंधित भूमि अधिग्रहण के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें।
उन्होंने चिन्हित भूमि का सीमांकन कर शीघ्र ही कंपनी को सौंपने के भी निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जहाँ कहीं भूमि संबंधी विवाद उत्पन्न हो, वहाँ प्रकरण को कलेक्टर के संज्ञान में लाकर उसका त्वरित समाधान कराया जाए।
बैठक में बताया गया कि भोपाल मेट्रो परियोजना के अंतर्गत ऑरेंज लाइन (प्रायोरिटी कॉरिडोर) सुभाष नगर से केन्द्रीय विद्यालय बोर्ड ऑफिस चौराहा होते हुए एम्स तक विकसित की जा रही है। इसके अतिरिक्त ब्लू लाइन रूट भदभदा डिपो चौराहा, जवाहर चौक, रोशनपुरा, कुशाभाऊ ठाकरे हॉल, लाल परेड मैदान, पुल बोगदा, प्रभात चौराहा, गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया, जेके रोड, इंद्रपुरी, पिपलानी और रत्नागिरी तिराहा तक प्रस्तावित है।
कलेक्टर मिश्रा ने धारा 19 के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एमआईडीसी, वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि मेट्रो निर्माण से प्रभावित आरा मशीनों के स्थानांतरण की कार्यवाही शीघ्र पूरी की जाए, ताकि परियोजना के कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। बैठक में अपर कलेक्टर सुमित पांडे, मेट्रो मंडल प्रबंधक, नगर निगम के अपर आयुक्त सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं एसडीएम उपस्थित थे।