#Ghaziabad: शहर की पॉश कॉलोनी में दिखा तेंदुआ, लोगों में दहशत

Share

गाजियाबाद। शहर की पॉश इलाके राजनगर की राजकुंज कॉलोनी में तेंदुआ मिलने से लोगों में दहशत फैल गई। तेंदुए ने जीडीए आवास पर तैनात एक कर्मचारी पर हमला भी किया। कॉलोनी में तेंदुए को घूमता देख लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने कॉलोनी में एक-दूसरे को फोन कर इसकी सूचना दी व अपने घरों के दरवाजे आदि बंद कर घरों में कैद हो गए। कॉलोनी में घूमने के बाद तेंदुआ इंग्राहम इंस्टीट्यूट के कैम्पस में कूद गया। जानकारी के अनुसार राजकुंज कॉलोनी मेंरहने वाले राजीव ढींगरा के आवास पर लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ कॉलोनी में चहलकदमी करता दिखा।

तत्काल मामले की जानकारी कॉलोनी में लोगों को देने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तेंदुए के डर से लोगों ने खुद को घरों में कैद कर लिया। बताया जा रहा है, तेंदुआ पहले इंग्राहम इंस्टीट्यूट के क्षेत्र से जीडीए वीसी कंचन वर्मा के आवास में बने पार्क में कूदा था जहां मौजूद सफाई कर्मचारी हरिमोहन ने जब उसे भगाने का
प्रयास किया तो उस पर तेंदुआ ने हमला कर दिया।

इसके बाद तेंदुआ राजकुंज कालोनी मेंं पहुंच गया लेकिन कॉलोनी में कुछ देर घूमने के बाद तेंदुआ फिर से इंग्राहम इंस्टीट्यूट के कैम्पस में कूद गया। तेंदुए की सूचना स्कूल प्रशासन को दी गई है व सर्तक रहने को कहा गया है। शहर की सबसे पॉश कॉलोनी में तेंदुआ घुस आने से लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है।