तपती गर्मी में पेयजल और खिचड़ी वितरित कर रहा मारुति नंदन भंडार

Share

रामगढ़, 19 अप्रैल । रामगढ़ जिले में जहां एक ओर भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को बेहाल कर रखा है। वहीं दूसरी ओर कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इस तपती धूप में राहत की छांव बनकर उभर रहे हैं। रामगढ़ में मारुति नंदन भंडार के तत्वावधान में झारखंड सेवा समिति दकी ओर से चलाया जा रहा पेयजल और खिचड़ी वितरण अभियान आज मानवता की एक जीवंत मिसाल बन चुका है।

तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच राहगीरों, मजदूरों और जरूरतमंदों के लिए ठंडा पानी और भोजन किसी वरदान से कम नहीं। इसी जरूरत को समझते हुए समाजसेवी कृष्णा प्रसाद अग्रवाल और उनके सुपुत्र जीतू अग्रवाल ने यह सेवा अभियान शुरू किया, जो अब लगातार 102 सप्ताह से जारी है। यह सिर्फ एक दिन या एक अवसर की सेवा नहीं, बल्कि एक निरंतर जनसेवा का संकल्प है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को राहत मिल रही है।

इस अभियान के तहत राहगीरों के लिए निःशुल्क प्याऊ (पेयजल व्यवस्था), जरूरतमंदों के लिए खिचड़ी वितरण जैसी मूलभूत सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इस सेवा कार्य में झारखंड सेवा समिति के कई सदस्य और समाजसेवी सक्रिय रूप से जुड़े हैं। समिति के अध्यक्ष अमित सिन्हा ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे कार्य दूसरों को भी आगे आने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष नंदकिशोर गुप्ता, सचिव रंजन फौजी, सह सचिव मनोज मंडल, कोषाध्यक्ष विनोद साहू सहित कई लोग मौजूद रहे और सेवा कार्य में अपनी भागीदारी निभाई।

यह पहल केवल राहत देने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को एक मजबूत संदेश भी देती है। सेवा केवल बड़े संसाधनों से नहीं, बल्कि संवेदनशील सोच से शुरू होती है

छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ा बदलाव ला सकते हैं। झारखंड सेवा समिति का यह प्रयास अब अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है। समिति ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे भी आगे आकर इस तरह के सेवा कार्यों में भागीदारी निभाएं और समाज के कमजोर वर्गों की मदद करें।