पूर्णियां, 16 अप्रैल । प्रखंड मुख्यालय स्थित कार्यालय में गुरुवार को निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी राजाराम पंडित ने पैक्स चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के साथ आय-व्यय एवं आचार संहिता से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक के दौरान बीडीओ ने सभी प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रखंड क्षेत्र के 11 पैक्स में आचार संहिता लागू है, ऐसे में किसी भी प्रकार की सभा, रैली या वाहन उपयोग के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति किसी भी आयोजन पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी प्रत्याशी अपने चुनावी खर्च का पूरा एवं पारदर्शी ब्यौरा संबंधित पदाधिकारी को समय-समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनी रहे।
बैठक में सभी प्रत्याशी उपस्थित रहे और उन्हें चुनावी नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।