गुरुग्राम, 16 अप्रैल । नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में गुरुवार को जिले में महिलाओं द्वारा नारी शक्ति वंदन संकल्प यात्रा निकाली गई। यह यात्रा राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-14 के पास से शुरू होकर अग्रसेन चौक तक निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के समर्थन में संदेश देना रहा।
सफेद टी-शर्ट और कैप पहने महिलाओं ने हाथों में तख्तियां, पोस्टर और बैनर लेकर नारे लगाते हुए अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
कार्यक्रम के दौरान संयोजक गार्गी कक्कड़ (प्रदेश सचिव, भाजपा एवं पूर्व चेयरपर्सन, खादी एवं ग्रामोद्योग) की अगुवाई में पूरे आयोजन का संचालन किया गया। उनके नेतृत्व में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए अभियान को सफल बनाया। इस अवसर पर मेंबर केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड एवं पूर्व सांसद सुधा यादव ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं की भागीदारी राजनीति में बढ़ेगी और वे देश के विकास में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता, गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, जिला सचिव निधि मल्होत्रा, जिला सचिव सुचिता शर्मा, जिला महामंत्री महिला पूजा बलहारा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हस्ताक्षर अभियान में महिलाओं ने बढ़-चढक़र जताया समर्थन
नारी शक्ति वंदन संकल्प यात्रा के दौरान आयोजित हस्ताक्षर अभियान में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर करते हुए इसे महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। महिलाओं ने कहा कि 33 प्रतिशत आरक्षण से उन्हें राजनीति में अपनी भागीदारी बढ़ाने का अवसर मिलेगा और वे समाज के विकास में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी।