अंबिकापुर : पुलिस ने ‘ऑपरेशन तलाश’ और ‘मुस्कान’ के तहत 15 दिनों में 60 गुमशुदा लोगों को खोज निकाला

Share

अंबिकापुर, 16 अप्रैल । छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार प्रदेश भर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन तलाश’ और ‘अभियान मुस्कान’ के तहत सरगुजा पुलिस ने मानवीयता और कर्तव्यपरायणता की मिसाल पेश की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा, राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के कुशल नेतृत्व में जिले की पुलिस टीम ने महज 15 दिनों के भीतर कुल 60 गुमशुदा व्यक्तियों को सुरक्षित खोजकर उनके परिजनों से मिलाया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से लापता लोगों की तलाश करना और नाबालिग बच्चों के चेहरों पर मुस्कान वापस लाना है।

गुरुवार काे जारी विज्ञप्ति के अनुसार एक अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने तकनीकी दक्षता और मानवीय इनपुट का बेहतरीन समन्वय किया। बरामद किए गए 60 लोगों में 44 महिलाएं, 9 पुरुष और 7 नाबालिग बालिकाएं शामिल हैं। थाना स्तर पर की गई कार्रवाई में दरिमा पुलिस का प्रदर्शन सबसे सराहनीय रहा, जिन्होंने सर्वाधिक 10 गुमशुदा लोगों को दस्तयाब किया। इसके अतिरिक्त, कोतवाली अंबिकापुर और लखनपुर पुलिस ने 7-7, गांधीनगर ने 9, उदयपुर ने 5, लुन्ड्रा ने 4, मणिपुर और कमलेश्वरपुर ने 3-3, जबकि धौरपुर और बतौली पुलिस ने 2-2 और सीतापुर पुलिस ने 1 गुमशुदा व्यक्ति को बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।

अभियान की सफलता में आधुनिक तकनीक और पुलिस की सक्रियता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस टीमों ने लापता व्यक्तियों के परिजनों से निरंतर संपर्क बनाए रखा और मोबाइल लोकेशन व अन्य तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर उन्हें सकुशल तलाश लिया। विशेष रूप से ‘अभियान मुस्कान’ के तहत बरामद की गई 7 नाबालिग बालिकाओं को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है, जिससे उन घरों में पुनः खुशियां लौट आई हैं।

एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह अभियान पूरे अप्रैल माह तक व्यापक स्तर पर जारी रहेगा और आने वाले दिनों में और भी अधिक गुमशुदा लोगों को दस्तयाब किए जाने की उम्मीद है।