मुख्य सचिव ने बस्तर में योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने अधिकारियों को दिए निर्देश

Share

जगदलपुर, 15 अप्रैल । छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकास शील ने बुधवार काे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बस्तर संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर शासन की प्राथमिकता के योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने बस्तर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि नियद नेल्लानार 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ बस्तर मुन्ने अभियान के अंतर्गत शिविरों का आयोजन कर चिन्हित हितग्राहियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि शासन की मंशा है कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसके लिए मैदानी स्तर पर विशेष अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों की पहचान की जाए और उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय-सीमा निर्धारित करते हुए लक्ष्य आधारित कार्य किया जाए। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित की जाए।

मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि बस्तर मुन्ने के अंतर्गत आयोजित शिविरों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने शिविरों में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने और विभागीय समन्वय को मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में आगामी एक मई से 10 जून तक सुशासन तिहार आयोजन के लिए भी कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास निहारिका बारिक सहित राज्य शासन के वरिष्ठ उच्चाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन उपस्थित रहे।