हरिद्वार, 11 अप्रैल । जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला पूर्ति विभाग द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, घटतौली और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज रावली महदूद क्षेत्र में आपूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी करते हुए अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। मौके से 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए, साथ ही एक वाहन को भी कब्जे में लेकर थाने के सुपुर्द किया।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध भंडारण, घटतौली और रिफिलिंग के खिलाफ छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में पूर्ति निरीक्षक प्रकाश फर्त्याल, अरुण सैनी सहित सिडकुल थाना पुलिस की टीम मौजूद रही।