साउथ सुपरस्टार महेश बाबू और निर्देशक एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म वाराणसी एक बार फिर सुर्खियों में है। हाल ही में फिल्म से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसके मुताबिक इसकी कहानी ऑनलाइन लीक हो गई है। प्रोजेक्ट पर काम कर रही एक वीएफएक्स कंपनी ने अनजाने में फिल्म का सिनोप्सिस अपलोड कर दिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लीक हुई जानकारी के अनुसार फिल्म की कहानी एक शिव भक्त के इर्द-गिर्द घूमती है, जो समय की सीमाओं को पार करते हुए एक खतरनाक यात्रा पर निकलता है। इस दौरान वह एक खोई हुई ब्रह्मांडीय शक्तिशाली वस्तु की तलाश करता है और प्राचीन रहस्यों को सुलझाते हुए एक बड़े षड्यंत्र का सामना करता है। कहानी में एक ऐसे मास्टरमाइंड का भी जिक्र है, जो दुनिया पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित करना चाहता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को बड़े स्तर पर दो भागों में रिलीज करने की योजना बनाई जा रही है, ताकि इसकी विस्तृत कहानी को बेहतर ढंग से पेश किया जा सके। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘वाराणसी’ के अप्रैल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की संभावना जताई जा रही है।