लखनऊ, 06 अप्रैल । बेसहारा बच्चों की सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं है। यदि ऐसे बच्चों की सेवा करने का प्रण सभी सक्षम व्यक्ति लें लें तो कोई भी बच्चा बेसहारा नहीं रहेगा। यह एक पवित्र कार्य है।
यह बातें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने साेमवार को शास्त्रार्थ फाउंडेशन की ओर से राजकीय बाल गृह (शिशु) प्राग नारायण रोड में रह रहे बच्चों के बीच खाद्य सामग्री के वितरण के बाद कही। उन्होंने पिता को याद करते हुए कहा कि स्वर्गीय क्षमापति शुक्ला सदैव असहाय, गरीब व अनाथों की सेवा को प्राथमिकता देते थे। पूरा जीवन उन्होंने धर्म-कर्म में लगा दिया। इसलिए उनकी पुण्यतिथि पर शास्त्रार्थ फाउंडेशन ने उनके जीवन दर्शन के अनुकूल कार्यक्रम किया है।
सभासद रामकुमार वर्मा ने कहा कि ईश्वर की वाणी है कि असहाय बच्चों की सेवा से तुम मुझे प्राप्त कर सकते हो। अनाथ बच्चों की सेवा से परम संतोष मिलता है।
वरिष्ठ पत्रकार राजीव रंजन सिंह ने कहा कि सभी को अपनी पूरी ताकत से अनाथों की सेवा करनी चाहिए और शास्त्रार्थ फाउंडेशन लगातार अपने सामाजिक-सांस्कृतिक उत्तरदायित्व का निर्वहन कर रहा है।
भाजपा युवा मोर्चा के नेता आशीष जयसवाल ने कहा कि बच्चों में भगवान का स्वरूप होता है। जिन बच्चों के सिर से माँ-बाप का साया उठ जाता है, उनकी सेवा से बड़ा पुण्य का कार्य इस संसार में कोई नहीं है। समाजसेवी प्राची शुक्ला ने कार्यक्रम में सहयोग देने के लिए शिशु गृह के कर्मचारियों को आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मिथलेश मिश्रा, शैलेंद्र अवस्थी, कृपा शंकर त्रिपाठी ,तरुण, सत्येंद्र शुक्ला, सत्य प्रकाश यादव आदि लोग उपस्थित रहे।
————-