शिमला, 06 अप्रैल । शिमला जिले के कोटखाई क्षेत्र में एक स्पोर्ट्स मीट के दौरान हुई कहासुनी के बाद दो छात्र समूहों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं और दोनों ओर से कई युवकों को नोटिस देकर जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार 25 मार्च को शिकायतकर्ता शिवांश की शिकायत पर थाना कोटखाई में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में कहा गया कि स्पोर्ट्स मीट के दौरान हुई बहस के बाद शाम करीब 6 बजे कुछ युवक उसके पीजी (रहने के स्थान) पर पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। इस घटना में उसके सिर और बाएं हाथ में चोटें आईं। इस मामले में सात नामजद आरोपितों से पूछताछ की गई है। इनमें मंडी, सिरमौर, शिमला और हमीरपुर जिलों के युवक शामिल हैं।
इसी घटना से जुड़ा दूसरा मामला भी उसी दिन दर्ज किया गया। इस बार शिकायतकर्ता मोरियन की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया कि बास्केटबॉल टूर्नामेंट के दौरान हुई कहासुनी के बाद शाम करीब 5 बजे कॉलेज के बाहर कुछ युवकों ने शिकायतकर्ता और उसके साथियों के साथ मारपीट की। इससे उन्हें चोटें आईं। इस मामले में भी छह युवकों को नामजद करते हुए उनसे पूछताछ की गई है।
पुलिस ने दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किए हैं। साथ ही दोनों पक्षों के सभी नामजद आरोपितों को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर जांच में शामिल होने के लिए पाबंद किया गया है।
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में जांच जारी है और घटना के पूरे क्रम को स्पष्ट करने के लिए संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।