सिरसा, 05 अप्रैल । इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि राज्य सरकार किसानों व आढ़तियों के लिए थोपे गए गैर तार्किक फैसले वापस ले, अन्यथा वे दस अप्रैल के बाद सख्त निर्णय लेने पर बाध्य होंगे। अभय चौटाला रविवार को सिरसा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने जिस प्रकार की गैर तार्किक शर्तें किसानों के लिए लगाई हैं, उससे किसान बुरी तरह से परेशान है मगर इनेलो ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर जिले व कस्बे में किसान कष्ट निवारण केंद्र स्थापित किए हैं जहां पार्टी के कार्यकर्ता परेशान किसानों की हरसंभव मदद करेंगे। अभय चौटाला ने कहा कि बाजार में क्रय व विक्रय करने वाले अन्य किसी भी क्षेत्र में बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू नहीं है तो फिर किसानों पर ही इसे क्यों लागू किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि पोर्टल व्यवस्था केवल अंबानी, अडाणी जैसे पूंजीपतियों को लाभ देने के लिए ही लागू की गई है और सरकार एमएसपी को पूरी तरह से खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा कि जो भी मंडी का अधिकारी अथवा कर्मचारी किसानों की टै्रक्टर ट्रॉली को रोकने का प्रयास करेगा, वे उससे सख्ती से निपटेंगे। उन्होंने सरकार से सभी फोकल प्वाइंट्स पर किसानों की फसल खरीद के लिए बेहतर व्यवस्था करने के साथ-साथ उनके सोने की भी व्यवस्था करने की मांग की।
अभय चौटाला ने कहा कि जिन किसानों की फसल प्राकृतिक आपदा के चलते नष्ट हो गई है, सरकार तुरंत विशेष गिरदावरी करवाकर उन्हें 50 हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दे। उन्होंने कहा कि जिस दिन मंडियों में आवक अधिक आएगी, उस दिन वे मंडी के बंद पड़े गेटों को भी खुलवाएंगे। प्रदेश में कानून व्यवस्था को लचर बताते हुए अभय चौटाला ने कहा कि व्यापारियों से सरेआम फिरौतियां मांगी जा रही हैं और सरकार पूरी तरह से उदासीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौंसले बढ़े हुए हैं क्योंकि उन्हें सरकारी संरक्षण प्राप्त है।
उन्होंने बताया कि चौधरी देवीलाल की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम मुख्य रूप से दिल्ली में उनके समाधि स्थल पर होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने अपने नजदीकी स्थानों पर पूर्व उपप्रधानमंत्री स्व. चौधरी देवीलाल को नमन करें। इस अवसर पर पार्टी जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा, रानियां के विधायक अर्जुन चौटाला, शहरी जिलाध्यक्ष गंगाराम बजाज व प्रवक्ता महावीर शर्मा भी मौजूद थे।