खूंटी के गम्हरिया में 168 साल पुराना मंडा भगतिया महोत्सव संपन्न,भगतिया झूलन बना आकर्षण का केंद्र

Share

खूंटी, 05 अप्रैल । खूंटी जिले के मुरहू प्रखंड अंतर्गत ग्राम गम्हरिया में पिछले 168 वर्षों से आयोजित हो रहा पारंपरिक मंडा भगतिया महोत्सव रविवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में भगतिया झूलन के साथ संपन्न हो गया। इस ऐतिहासिक और धार्मिक महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

महोत्सव के दौरान श्रद्धालु एक सप्ताह तक कठिन उपवास रखकर भगवान भोले बाबा और भैरवनाथ की आराधना करते हैं। इस दौरान वे पूजा-अर्चना कर अपनी गहरी आस्था प्रकट करते हैं और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

समापन अवसर पर आयोजित भगतिया झूलन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर समाजसेवी विजय राम महोत्सव में शामिल हुए।

मुख्य अतिथि काशीनाथ महतो ने अपने संबोधन में कहा कि इस महोत्सव की सटीक शुरुआत का इतिहास स्पष्ट नहीं है, लेकिन गांव के बुजुर्गों के अनुसार इसकी शुरुआत तत्कालीन जमींदार परिवार द्वारा वर्ष 1858-1859 के आसपास की गई थी। उन्होंने बताया कि बाबा भोलेनाथ की कृपा से यह परंपरा पिछले 168 वर्षों से निरंतर जारी है और भविष्य में भी इसी तरह चलती रहेगी।

महोत्सव के दौरान शनिवार रात को भव्य छऊ नृत्य का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से पूरी रात दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर उपेंद्र कश्यप, जगदीश नाथ, तेतरू महतो, देवेंद्र महतो सहित कई गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे।

यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

————