काठमांडू, 05 अप्रैल । मुस्तांग जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मुक्तिनाथ क्षेत्र में भारी बर्फबारी हुई है, जिससे पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। मुक्तिनाथ मंदिर, बाजार से लेकर बस अड्डे क्षेत्र में इस समय चारों ओर सिर्फ बर्फ ही बर्फ दिखाई दे रही है।
बारागुंग मुक्तिक्षेत्र स्थित रानीपौवा बसपार्क भी बर्फबारी के कारण पूरी तरह से सफेद हो गया है। इसी तरह मुक्तिनाथ क्षेत्र के प्रमुख स्थान रानीपौवा बाजार, झारकोट और आसपास के इलाके भी बर्फ से ढक गए हैं, जिससे क्षेत्र का दृश्य बेहद आकर्षक और मनमोहक बन गया है। बीती रात मुस्तांग के साथ-साथ मनांग जिले के कई हिस्सों में भी बर्फबारी हुई। इस अचानक हुए बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आई है और ठंड काफी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंड का असर जनजीवन पर भी पड़ने लगा है।
मुक्तिनाथ क्षेत्र नेपाल का एक महत्वपूर्ण तीर्थस्थल होने के कारण यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में भारी हिमपात जहां एक ओर प्राकृतिक सौंदर्य को बढ़ाता है, वहीं दूसरी ओर यातायात और दैनिक गतिविधियों में कुछ कठिनाइयाँ भी पैदा कर सकता है। सड़कों पर बर्फ जमने से आवागमन प्रभावित होने की संभावना रहती है। स्थानीय प्रशासन ने मुक्तिनाथ आने वाले यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।