गाजियाबाद। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मेरठ रोड स्थित आरकेजीआईटी में एक बैठक को संबोधित किया। बैठक में मुख्य रूप से स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव पर विस्तृत चर्चा की गई। वहीं इस अवसर पर संगठन के विभिन्न पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि एकजुटता एवं समग्र प्रयास भाजपा संगठन की पहचान है। प्रत्येक चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता अपनी कर्मठता एवं लगन से काम करते हुए नज़र आते हैं।
निश्चित रूप से शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव भी पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। जिसके लिए सभी कार्यकर्ता जी जान से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि इस चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशियों को जनता के आशीर्वाद से भारी मतों के साथ जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा काम है मतदान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को रणनीति के साथ काम करना। इस संबंध में पहले भी वे कई जगह कार्यकर्ताओं एवं संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दे चुके हैं। श्री सिंह ने कहा कि मौजूदा केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनता के हित में लगातार काम कर रही है।
जिसके चलते जनता का विश्वास दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है। हाल ही में उपचुनाव में एक बार फिर जनता ने अपना फैसला सुनाया और भाजपा को प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज कराई। हमें इस क्रम को बनाकर रखना है और इसी तरह जनहित में लगातार काम करते रहना है ताकि जनता को मोदी और योगी सरकार के सुशासन का लाभ पहुंचाया जा सके।
गौरतलब है कि इस मौके पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल,महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, महापौर आशा शर्मा, स्नातक एमएलसी प्रत्याशी दिनेश कुमार गोयल, भाजपा महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान पार्षद अर्चना सिंह सहित कई पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।