सुपौल, 31 मार्च । राजनगर थाना क्षेत्र के नकटी गांव में एक 35 वर्षीय युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक सुपौल जिले के उजान गांव निवासी मनोज मुखिया है, जो अपने ससुराल में रहकर सब्जी का कारोबार करता था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह नकटी गांव के एक खेत में मनोज मुखिया का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों के अनुसार सोमवार शाम मनोज का अपनी पत्नी से नशे को लेकर विवाद हुआ था। झगड़े के बाद वह घर से निकल गया था और देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों को आशंका है कि पत्नी से विवाद के बाद तनाव में आकर उसने कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया। मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
राजनगर थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पत्नी से नशे को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।