बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के विरोध में महिला मोर्चा ने किया धरना-प्रदर्शन

Share

कोडरमा, 30 मार्च । हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत कुसुंबा गांव में 12 वर्षीय बच्ची के साथ हुए अपहरण, दुष्कर्म और निर्मम हत्या की घटना के विरोध में महिला मोर्चा ने सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया।

साथ ही राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनीति सेठ और संचालन महिला मोर्चा महामंत्री सविता देवी ने किया। इस दौरान पार्टी जिलाध्यक्ष अनूप जोशी ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। राज्य आज बहन-बेटियों के लिए सबसे असुरक्षित जगह बन गया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार अपराधियों को संरक्षण देने में लगी है और निर्दोष बेटियों का खून बह रहा है। कुसुंबा की घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है, लेकिन सरकार अब भी कुंभकर्णी नींद में सोई हुई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अविलंब अपराधियों की गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर फांसी की सजा सुनिश्चित नहीं की गई, तो भाजपा सड़क से सदन तक उग्र आंदोलन करेगी।

वहीं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनीति सेठ ने कहा कि झारखंड में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार की घटनाएं अब बर्दाश्त के बाहर हैं। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियों के साथ दरिंदगी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जब तक दोषियों को फांसी नहीं मिलती, आंदोलन जारी रहेगा।

कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने, परिवार के मुखिया को सरकारी नौकरी देने और 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की।

पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाई तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

कार्यक्रम में नितेश चंद्रवंशी, रीता लोहानी, लीना देवी, विजय यादव, प्रभाकर लाल रावत, महेंद्र वर्मा, नरेंद्र पाल, संजय पासवान, प्रिया यादव, इंद्रदेव बर्णवाल, नवीन चौधरी ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम में सन्दीप गुप्ता, पप्पू भदानी, मुकेश यादव, उत्तम कुमार, चन्दन सिंहा, सीताराम भगत, साकेत सिंह, अंकित गुप्ता, पिंकी देवी, कलवा देवी, रिंकी कुमारी, सरिता देवी, काजल देवी, बसंती देवी कार्यकर्ता उपस्थित थे।