गाजियाबाद, 30 मार्च । यूपी के गाजियाबाद जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली गेट क्षेत्र में एक समाचार पत्र के पत्रकार अकाश गर्ग पर बीती रात को 10 से अधिक दबंगों ने जमकर लाठी डंडे बरसाए और तमंचे से हवाई फायरिंग भी की। इससे वह बुरी तरह घायल होकर बेसुध हो गए। मामले की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिसमें देखा जा सकता है कि हमलावर डंडे लेकर हमला कर रहे हैं। आरोप है कि सूचना देने के एक घंटे बाद कोतवाली पुलिस वारदात वाली जगह पहुंची।
इस संबंध में एडिशनल डीसीपी राज करन नैय्यर ने साेमवार काे बताया कि सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों की पहचान की जा रही है। घायल पत्रकार को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस की लापरवाही की भी जांच की जाएगी।