मंडी, 30 मार्च । महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मंडी जिला के पंडोह में आयोजित 35 दिवसीय स्वरोजगार प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया । इस प्रशिक्षण शिविर में स्थानीय महिलाओं को ब्यूटी पार्लर की बेसिक ट्रेनिंग दी गई। पंजाब नेशनल बैंक के सौजन्य से स्वरोजगार ग्रामीण प्रशिक्षण संस्थान स्योगी पंडोह में यह प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें क्षेत्र की लगभग 25 महिलाओं ने ब्यूटी पार्लर की बारिकियां सिखी। इस शिविर में प्रशिक्षिका अंजना कुमारी ने महिलाओं को ब्यूटी पार्लर से संबंधित थ्रेडिंग, वैक्सिंग, मैनीक्योर, पेडीक्योर, फेशियल, कैराटीन इत्यादि करना सिखाया। जिससे अब यह महिलाएं भी इस स्किल के माध्यम से स्वरोजगार को अपना सकती हैं।
इस मौके पर स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान आरसेटी निदेशक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि बीते 23 फरवरी को इस प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ था। पीएनबी बैंक के सौजन्य से इन महिलाओं को ब्यूटी पार्लर का बेसिक कोर्स करवाया गया। 35 दिन के इस प्रशिक्षण का इन महिलाओं को सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा। प्रशिक्षका अंजना कुमारी ने बताया कि साल 2024 में उन्होने भी आरसेटी से ही यही कोर्स किया था और आज वे इस स्किल के साथ अपना व्यवसाय भी कर रही हैं। साथ ही समय समय पर आरसेटी केंद्र में प्रशिक्षिका के तौर पर अपनी सेवाएं भी दे रही है।
इस अवसर पर प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने पहुंची प्रशिक्षु महिलाओं में गीता देवी ओर सुमन ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि इस शिविर के माध्यम से उन्हें ब्यूटी पार्लर की बारिकियों को जानने का अवसर मिल पाया है। भविष्य में वे भी अब इस स्किल को स्वरोजगार के तौर पर अपना कर आत्मनिर्भर बनना चाहेंगी। इससे पहले एक फेयरवेळ पार्टी का भी आयोजन किया गया जिसमे इस मोके पर संस्थान की संकाय स्वाती, कार्यालय सहायक गोविंद एवं संतोष उपस्थित रहे।