आगरमालवा, 28 मार्च । मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल के 150वें जयंती वर्ष के अवसर पर युवाओं में उत्साह, स्वास्थ्य व जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से शनिवार को आगरमालवा जिले के सभी पुलिस थाना क्षेत्रों में साइक्लोथॉन कार्यक्रम का एक साथ व्यापक आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में कोतवाली आगरमालवा, नलखेड़ा, सुसनेर, बड़ोद, सोयत एवं कानड़ सहित सभी थाना एवं मुख्यालय स्तर पर संपन्न हुआ।
जिला मुख्यालय पर पुलिस अधीक्षक सिंह ने थाना कोतवाली से साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह साइक्लोथॉन थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर छावनी झंडा चौक होते हुए सुसनेर-कोटा रोड मार्ग से बाबा बैजनाथ मंदिर परिसर में संपन्न हुई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में सरदार वल्लभभाई पटेल के अद्वितीय व्यक्तित्व एवं राष्ट्र की एकता में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर अनुशासन, राष्ट्रभक्ति एवं सेवा भाव को अपनाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, एकजुटता एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। साथ ही उन्होंनेउत्कृष्ट प्रतिभागियों के लिए प्रथम ₹1500, द्वितीय ₹1000 एवं तृतीय ₹750 पुरस्कार की घोषणा की। इस आयोजन में कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, महिला थाना प्रभारी केसर सिंह राजपूत, प्रभारी रक्षित निरीक्षक जगदीश यादव सहित 80 से अधिक पुलिस अधिकारी कमर्चारी व स्कूल के छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
उधर जिले के थाना नलखेड़ा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट द्वारा साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पुलिस थाना सुसनेर में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस देवनारायण यादव के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी अक्षय सिंह बैस के नेतृत्व में आयोजन संपन्न हुआ। इसी प्रकार पुलिस थाना बड़ोद में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मोतीलाल कुशवाहा के मार्गदर्शनव थाना प्रभारी रूप सिंह बैस के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वही पुलिस थाना सोयत में थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा के नेतृत्व में प्रातः 08ः00 बजे साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें थाना सोयत के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जय हिंद डिफेंस के छात्र, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिकों सहित लगभग 150 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसके उपरांत सोयत कला में प्रातः 08ः30 बजे से सरदार वल्लभभाई पटेल के 150वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में साइकिल मैराथन आयोजित की गई, जिसमें थाना स्टाफ, जय हिंद डिफेंस के छात्र, नागरिक एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्य उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पुलिस थाना कानड़ में थाना प्रभारी राजकुमार दांगी के नेतृत्व में शिव पहाड़ी रोड पर साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस थाना स्टाफ, स्थानीय नागरिक एवं स्कूली बच्चों ने सक्रिय सहभागिता की। इस अभियान में नगर एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्य, छात्र-छात्राएं, एनएसएस कैडेट्स, पुलिस अधिकारी-कर्मचारीएवं आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे कार्यक्रम सफल एवं प्रभावी रहा। सभी आयोजनों में प्रतिभागियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित रूट को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया तथा पेयजल, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यकतानुसार एम्बुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।