प्रयागराज, 24 मार्च । उत्तर प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात मंत्री दिनेश प्रताप सिंह मंगलवार को प्रयागराज जिले के ग्राम-चंदापुर (मोरहू) उपरहार, तहसील सोरांव स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज में एक दिन पूर्व सोमवार को आंशिक हिस्से के ढहने के कारण हुई दुःखद घटना का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर वहां चल रहे राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली तथा सभी संबंधित को आवश्यक निर्देश दिये हैं।
मंत्री यहां से कोल्ड स्टोर हादसे के कारण हुई दुखद घटना में घायल लोगों का हाल जानने तेज बहादुर सपुर चिकित्सालय (बेली) एवं स्वरूप रानी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। मंत्री ने वहां पर भर्ती कराये गये लोगों से बातचीत करते हुए उनका हाल-चाल जाना और घटित घटना के सम्बंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों से भर्ती लोगों के बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने घटना में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मंत्री नेे पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा सहित अन्य सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और बचाव कार्य की समीक्षा की।
उन्होंने उद्यान विभाग के अधिकारियों को घटना से सबक लेते हुए सभी स्थापित संचालित शीतगृहों के मानक की जांच कर आख्या दिए जाने तथा जो भी शीतगृह मानक के अनुसार संचालित ना पाया जाए, उसे बंद किए जाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि घटना की जांच के लिए संयुक्त निदेशक उद्यान के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की, जो दुर्घटना के कारणों की रिपोर्ट एक सप्ताह में प्रस्तुत करेंगी। रिपोर्ट मिलने के बाद उसमें जो भी दोषी पाया जायेगा, उसके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। प्रथम दृष्टया लापरवाही पाये जाने पर मंत्री ने जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को निलम्बित किए जाने की जानकारी भी दी।
मंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना पर देश के प्रधानमंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के द्वारा गंभीरता से संज्ञान लिया है। मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस के लोग राहत और बचाव कार्य में निष्ठा और परिश्रम के साथ कार्य कर रहे हैं। आदर्श कोल्ड स्टोरेज में भंडारित किसानों के आलू के मूल्य की भरपाई शीतगृह संचालक से शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए।