शुरुआती कारोबार में उतार चढ़ाव के बीच शेयर बाजार में तेजी का रुख

Share

नई दिल्ली, 24 मार्च । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच मजबूती बनी हुई है। पश्चिम एशिया में सीजफायर होने की सुगबुगाहट के बीच आज के कारोबार की शुरुआत जोरदार उछाल के साथ हुई थी। हालांकि बाजार खुलने के बाद सीजफायर को लेकर बने सस्पेंस की वजह से लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा।

शुरुआती कारोबार में बिकवालों का पलड़ा भारी पड़ता हुआ नजर आ रहा था। हालांकि बाजार की शुरुआत आज इतनी जोरदार तेजी के साथ हुई थी कि बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद दोनों सूचकांक मजबूती के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे। सुबह 10 तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.05 प्रतिशत और निफ्टी 1.04 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

आज प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अपोलो हॉस्पिटल, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंटरग्लोब एवियशन, बजाज ऑटो और श्रीराम फाइनेंस के शेयर 2.93 प्रतिशत से लेकर 2.23 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, आईटीसी, इंफोसिस और कोल इंडिया के शेयर 2.42 प्रतिशत से लेकर 0.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,724 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,312 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 412 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 27 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर तीन शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 47 शेयर हरे निशान में और तीन शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 1,516.08 अंक की मजबूती के साथ 74,212.47 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। खासकर, पहले 15 मिनट के बाद बिकवालों ने बाजार पर दबाव बना दिया, जिसकी वजह से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 900 अंक टूट कर 73,302.32 अंक के स्तर तक आ गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 764.92 अंक की मजबूती के साथ 73,461.31 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 365.80 अंक उछल कर 22,878.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी। हालांकि खरीदार भी बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाते रहे, जिससे निफ्टी की चाल में उतार चढ़ाव होने लगा।

बिकवाली का दबाव बढ़ने पर पहले आधे घंटे के कारोबार में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 175 अंक से ज्यादा लुढ़क कर 22,701.20 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारी शुरू होने से इस सूचकांक की स्थिति में एक बार फिर सुधार होता हुआ नजर आने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 233.25 अंक की मजबूती के साथ 22,745.90 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 1,836.57 अंक यानी 2.46 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 72,696.39 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 601.85 अंक यानी 2.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,512.65 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।