वरिष्ठ नागरिकों को दी डिजिटल बैंकिंग की जानकारी, साईबर ठगों से किया आगाह

Share

हमीरपुर, 23 मार्च । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने ग्राम पंचायत डुग्घा में “वरिष्ठजनों हेतु राष्ट्रीय कार्य योजना” के तहत “डिजिटल और वित्तीय साक्षरता” विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजित किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिको को डिजिटल सेवाओं एवं वित्तीय लेन-देन के प्रति जागरुक करना है। उन्होंने लोगों को विभागीय योजनाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश उपाध्याय ने साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा सुरक्षित लेन-देन के उपायों पर विशेष बल दिया। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट के बारे में भी उपस्थित लोगों को विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि हमें मोबाइल पर किसी भी अनजान व्यक्ति से कोई भी व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। अगर कोई वित्तीय धोखाधडी होती है तो तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज करवायें और पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हमीरपुर के साइबर सेल में रिपोर्ट करें।

इस मौके पर एचडीएफसी बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक धीरज शर्मा ने डिजिटल भुगतान प्रणालियों जैसे यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग, एटीएम उपयोग आदि के बारे में बताया। इसके अतिरिक्त वित्तीय साक्षरता के अंतर्गत बैंकिंग सेवाओं, बचत योजनाओं, बीमा, पेंशन योजनाओं एवं विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

इस अवसर पर बैंक प्रतिनिधि ने कहा कि डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता आज के समय की आवश्यकता है और इसके माध्यम से नागरिक आत्मनिर्भर बन सकते हैं।