रामगढ़, 22 मार्च । रामगढ़ शहर में रामनवमी का त्योहार धूमधाम से मनेगा। लेकिन यह त्यौहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो इसके लिए पुलिस ने पहले ही काफी एहतियात बरता है। रविवार को रामगढ़ थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडे ने शहर के सभी अखाड़ा कमेटी और रामनवमी महासमिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में 25 लाइसेंसी और 8 गैर लाइसेंसी के कमेटी के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा कमेटियों की ओर से बजाए जाने वाले गाने की सूची पेन ड्राइव में उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा डीजे संचालक भी अपनी सहमति लिखित तौर पर थाने को उपलब्ध कराएंगे। सभी रामनवमी महासमिति समय का अनुपालन करेगी। समय पर जुलूस निकलेगा और निश्चित रुट से ही गुजरेगा।
इसके अलावा वॉलिंटियर्स के तैनाती किस तरीके से की गई है, इसके बारे में भी पूरी जानकारी पुलिस को होगी। स्थाई रामनवमी पूजा कमेटी लगने वाली भीड़ को कंट्रोल करने के लिए अपनी व्यवस्था करेगी। इसके अलावा रामगढ़ पुलिस हर पूजा कमेटी को पुलिस पदाधिकारी उपलब्ध कराएगी। ताकि वहां सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर हो सके। पेट्रोलिंग के अलावा स्थाई पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। लोहार टोला, चट्टी बाजार, दुसाध मोहल्ला, सौदागर मोहल्ला, मेन रोड, झंडा चौक, नई सराय में भी लगने वाली भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। पूजा कमेटी उन पुलिस पदाधिकारी को पूरा सहयोग करेगी।
बैठक में सब इंस्पेक्टर दीपक रजक, बीरबल हेंब्रम, मंजेश कुमार सिंह, सुमंत राय के अलावा श्री रामनवमी पूजा महासमिति के अध्यक्ष राजेश ठाकुर, तुलेश्वर पासवान, मुकेश नायक, अविनाश राम, अवध बिहारी सिंह, बिहारी राम पासवान, झूनर विश्वकर्मा, अरविंद जायसवाल, टिंकू ठाकुर, तेजपाल महतो सहित अन्य उपस्थित थे।