सुपौल, 22 मार्च । जिले के पिपरा थाना अंतर्गत कटैया में विद्युत पावर ग्रिड की टीम पर हमला हो गया, जब वह बकाया बिजली बिल की वसूली के लिए पथरा दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या 4 स्थित महादलित टोला पहुंची थी। ग्रामीण महिला और पुरुषों ने टीम को खदेड़ते हुए मारपीट की, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने विभाग की एक बाइक और दो कर्मियों को बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कर्मियों एवं बाइक को मुक्त कराया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि वे खेतों में मजदूरी करने गए थे, इसी दौरान बिजली विभाग की टीम बिना सूचना दिए घरों से मीटर खोलने लगी। जब उन्हें इसकी जानकारी मिली और वे घर पहुंचे, तो देखा कि कई मीटर और तार खोले जा चुके थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
हमले के दौरान जूनियर इंजीनियर (जेई) विकास कुमार समेत अन्य कर्मी दहशत में आ गए। जेई किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि दो कर्मी और एक बाइक ग्रामीणों के कब्जे में रह गए।
जेई विकास कुमार ने बताया कि बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान चलाकर राजस्व वसूली की जा रही थी। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस भेजकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। फिलहाल विभाग की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।