बेमौसम बारिश से फसल नुकसान: मुख्यमंत्री ने कलेक्टर्स को तुरंत सर्वे के दिए निर्देश

Share

जयपुर, 21 मार्च । प्रदेश में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने देर रात सभी जिला कलेक्टर्स को प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे करवाकर जल्द से जल्द रिपोर्ट भेजने के आदेश जारी किए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है और नुकसान का आकलन होते ही प्रभावित किसानों को शीघ्र सहायता प्रदान की जाएगी। सीएम शर्मा ने कहा कि किसानों की पीड़ा ही सरकार की पीड़ा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की समृद्धि का आधार किसान हैं और संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ उनके साथ खड़ी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और वास्तविक नुकसान का सही आकलन किया जाए, ताकि सहायता समय पर और सही पात्र किसानों तक पहुंच सके।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रत्येक प्रभावित किसान को जल्द और समुचित राहत देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रशासन को पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ काम करने को कहा गया है।